
मोदीनगर, संवाददाता।
गांव खिदौड़ा स्थित गोशाला में पशुओं को पर्याप्त चारा नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए मंगलवार शाम ग्रामीणों ने जमकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि चारे की कमी के कारण गोशाला में पशुओं की हालत लगातार बिगड़ रही है और पिछले एक माह में करीब 20 पशुओं की मौत हो चुकी है। वहीं कई अन्य पशु गंभीर रूप से बीमार हैं।
ग्रामीणों के अनुसार ग्राम पंचायत विभाग की ओर से संचालित इस गोशाला में वर्तमान में 563 निराश्रित गोवंश रखे गए हैं। उनका आरोप है कि इतने पशुओं के लिए प्रतिदिन पर्याप्त मात्रा में चारा उपलब्ध नहीं कराया जा रहा। ग्रामीणों का कहना है कि जहां गोशाला में करीब 49 क्विंटल चारे की आवश्यकता है, वहीं केवल लगभग 10 क्विंटल चारा ही दिया जा रहा है। इससे पशुओं को भरपेट चारा नहीं मिल पा रहा और वे कमजोर होकर बीमार पड़ रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने गोशाला प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए व्यवस्था में सुधार की मांग की। उनका कहना था कि यदि समय रहते पर्याप्त चारा और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई तो पशुओं की मौत का सिलसिला नहीं रुकेगा। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव कर बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन में राजन त्यागी, प्रिंस, सोनू, सुरेंद्र, वेदप्रकाश, अमित, प्रेमपाल शर्मा, हरिराज समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
एडीओ पंचायत अमित कुमार ने बताया कि गोशाला का संचालन एक एनजीओ के माध्यम से कराया जा रहा है। मामले की जानकारी मिलने के बाद जांच कराई जाएगी। यदि चारे की आपूर्ति या पशुओं की देखभाल में किसी प्रकार की लापरवाही पाई गई तो संबंधित संस्था के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



