सफाई कर्मचारियों की सुबह हाजिरी 8 बजे कराने की मांग
महिला सफाई कर्मचारियों का दुर्घटना में घायल होना गंभीर चिंता का विषय

महिला कर्मियों की सुरक्षा व पारिवारिक समस्याओं को लेकर नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम में कार्यरत सफाई कर्मचारियों की सुबह 5 बजे होने वाली हाजिरी को बदलकर सुबह 8 बजे करने की मांग को लेकर स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ महानगर गाजियाबाद ने नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन संघ के महानगर अध्यक्ष शक्ति जीनवाल के नेतृत्व में दिया गया।
इस अवसर पर संघ के प्रदेश महामंत्री संगठन प्रदीप चौहान वाल्मीकि ने नगर आयुक्त को अवगत कराया कि सुबह अंधेरे में ड्यूटी के लिए निकलने के दौरान चार महिला सफाई कर्मचारियों का दुर्घटना में घायल होना गंभीर चिंता का विषय है। साथ ही, महिला कर्मचारी अपने बच्चों को समय से स्कूल नहीं भेज पा रही हैं, जिससे उन्हें सामाजिक और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि सफाई कर्मचारियों की हाजिरी सुबह 8 बजे की जाए, जिससे उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और वे सम्मानजनक वातावरण में कार्य कर सकें।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक ने ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए नगर स्वास्थ्य अधिकारी को आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इस मौके पर अपर नगर आयुक्त अमरिंदर सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार सहित सफाई कर्मचारियों से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं कर्मचारियों की ओर से श्री संजय टाक, श्री जॉनी जीनवाल सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। संघ के महानगर अध्यक्ष शक्ति जीनवाल ने विश्वास जताया कि प्रशासन जल्द ही कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करेगा और उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।



