
दीपक त्यागी मोदीनगर,संवाददाता
निवाड़ी थानाक्षेत्र के गांव खिदौड़ा में खेत में पशुओं के अवशेष पडे मिले। बजरंग दल के पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पशु वध करने वाला का एनकांउटर करने की मांग की। पुलिस ने अवशेषों को गड्ढा खोदकर दबा दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव खिदौड़ा में शनिवार रात को पशुओं के अवशेष पडे़ मिले। अवशेष पडे़ होने की सूचना पर बजरंग दल के निशांत त्यागी के साथ दर्जनों पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और हंगामा करना शुरू कर दिया। उनका आरोप है कि पुलिस की मिलीभगत से सरेआम पशुओं का कटान हो रहा है। पशु तस्कर खुलेआम पशु वध करके पशुओं के अवशेष फेंक रहे है। उनकी मांग है कि पशुओं का वध करने वालों का एनकाउंटर किया जाए। हंगामा बढ़ने की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने अवशेषों को अपने कब्जे में लेकर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। निशांत त्यागी ने इस संबंध में निवाड़ी थाने में तहरीर दी है। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि पशुओं के अवशेषों को गड्डढा खोदकर दबा दिया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीम दबिश दे रही है।



