
हाउस टैक्स वृद्धि के विरोध में व्यापारियों का प्रदर्शन आज से शुरू
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा हाउस टैक्स में की गई भारी वृद्धि के विरोध में शहर के व्यापारियों ने मोर्चा खोल दिया है। महानगर उद्योग व्यापार मंडल संस्था, गाजियाबाद के नेतृत्व में 28 मार्च से घंटाघर स्थित शहीद भगत सिंह चौक पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया गया।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों का कहना है कि नगर निगम द्वारा आवासीय एवं व्यावसायिक संपत्तियों पर हाउस टैक्स में 300 प्रतिशत तक की वृद्धि की गई थी, जिसे बाद में बोर्ड बैठक में जनप्रतिनिधियों के सहयोग से निरस्त कर दिया गया था। इसके बावजूद नगर निगम के अधिकारी बढ़े हुए दरों पर ही नोटिस और बिल जारी कर रहे हैं तथा लोगों से वसूली भी की जा रही है।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि मेयर द्वारा बार-बार हाउस टैक्स न बढ़ाने के दावे किए गए, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति इसके विपरीत है। उन्होंने इसे जनता के साथ अन्याय और आर्थिक शोषण बताया। महानगर उद्योग व्यापार मंडल संस्था द्वारा इस मुद्दे को लेकर पहले भी जनप्रतिनिधियों से मुलाकात, ज्ञापन सौंपने, प्रेस वार्ता आयोजित करने समेत कई प्रयास किए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला।
इसी के चलते व्यापारियों ने शनिवार से प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक शांतिपूर्ण ढंग से धरना देने का निर्णय लिया है। यह आंदोलन महानगर अध्यक्ष गोपीचंद के नेतृत्व में आयोजित हुआ। व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक हाउस टैक्स को कम कर संशोधित बिल जारी नहीं किए जाते, तब तक यह धरना अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा।
संगठन ने सभी व्यापारी बंधुओं, प्रबुद्ध नागरिकों और सामाजिक संस्थाओं से इस जनहित आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर एकजुटता दिखाने की अपील की है।
धरने को लेकर व्यापारियों में खासा आक्रोश है और उन्होंने टैक्स के नाम पर शोषण बंद करोह्ण, जनता पर अत्याचार बंद करो और व्यापारियों का उत्पीड़न बंद करो जैसे नारों के साथ अपनी आवाज बुलंद करने का ऐलान किया है। इस दौरान जिला उद्योग व्यापार मंडल के चेयरमैन ब्रजमोहन और संजयनगर व्यापार मंडल के चेयरमैन प्रदीप गर्ग सहित काफी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।



