
केo डीo बीo पब्लिक स्कूल के प्रांगण में कक्षा छठी के विद्यार्थियों के लिए विद्यालय के सभागार में ‘स्काउट एवं गाइड’ शिविर का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती निवेदिता राणा ने झंडा फहरा कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर ‘स्काउट एवं गाइड’ के मुख्य अतिथि आयुक्त श्रीमान श्यामसिंह व श्रीमती सुधा पांडे भी उपस्थित रहे। शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, सेवा भावना, सहयोग, जिम्मेदारी तथा राष्ट्रप्रेम जैसे जीवनोपयोगी मूल्यों का विकास करना था। इसके पश्चात विद्यार्थियों को स्काउट एवं गाइड के नियमों, प्रतिज्ञा तथा सलामी का महत्व समझाया गया। प्रशिक्षकों ने स्कार्फ पहनना, धन्यवाद ताली ,स्वागत ताली ,तारा की कहानी इत्यादि गतिविधियों का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया, जिसमें विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लिया।

शिविर के दौरान आयोजित कार्यक्रमों में लड़कियों के लिए बुलबुल गतिविधि व लड़कों के लिए पोटमपोल गतिविधि, मोगली प्ले, एक्शन सॉन्ग, मास्क निर्माण, सजावट ,टैट बनाना व सजावट करना तथा गाँठ बाँधने (Knots) जैसी गतिविधियों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता, कल्पनाशीलता और टीम भावना को नई दिशा प्रदान की। रंग-बिरंगे चार्ट पेपर, लकड़ी की डंडियाँ, पेड़ों की टहनियाँ, रस्सियाँ, टेप एवं गोंद का उपयोग कर विद्यार्थियों ने आकर्षक मॉडल एवं सजावटी सामग्री तैयार की, जिसकी सभी ने सराहना की।शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह सीखा कि सच्चा स्काउट एवं गाइड वही है।जो सदैव दूसरों की सहायता के लिए तत्पर रहे, व अनुशासन का पालन करे तथा समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करे।
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए प्रधानाचार्या ने समस्त शिक्षकगण व खेल विभाग को बधाई देते हुए कहा -कि उनके कुशल मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम विधिवत संपन्न हुआ। विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन बढ़ाते हुए उन्हें ‘स्काउट एवं गाइड’ के आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों ने इस शिविर को ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं आनंददायक अनुभव बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का संकल्प लिया।
विद्यालय परिवार ने इस आयोजन को विद्यार्थियों में चरित्र निर्माण, नेतृत्व विकास, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्रीय चेतना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। “सेवा, अनुशासन और समर्पण की भावना ही स्काउट एवं गाइड की वास्तविक पहचान है।”



