
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। चैत्र नवरात्र के अष्टमी पर्व पर वीरवार को शहर के प्राचीन सिद्धपीठ देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों का तांता लगा रहा और देर शाम तक दर्शन-पूजन का सिलसिला जारी रहा।
श्रद्धालुओं ने मां महागौरी के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। मंदिर में विशेष सजावट की गई थी, जिससे वातावरण और अधिक भक्तिमय हो गया।

भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं के विशेष इंतजाम किए गए। श्रद्धालु कतारबद्ध होकर माता के दर्शन करते नजर आए। इस दौरान भजन-कीर्तन और जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा। अष्टमी के अवसर पर कई श्रद्धालुओं ने कन्या पूजन भी किया और मां का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर में व्याप्त आस्था और श्रद्धा का माहौल भक्तों को आध्यात्मिक अनुभूति कराता रहा।



