
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी कार्यालय, गाजियाबाद में शुक्रवार को सदस्यता ग्रहण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष फैसल हुसैन और महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव के निर्देशन में संपन्न हुआ।
इस दौरान समाजवादी नेता नसीम खान ने अपने साथियों के साथ कांग्रेस छोड़कर सपा का दामन थामा और बड़ी संख्या में समर्थकों को भी पार्टी में शामिल कराया। जिलाध्यक्ष फैसल हुसैन व महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने नए सदस्यों को सदस्यता दिलाकर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकतार्ओं और नए सदस्यों ने समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने तथा संगठन को बूथ स्तर तक विस्तार देने का संकल्प लिया। साथ ही आगामी 29 मार्च को ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की रैली को ऐतिहासिक बनाने का भी संकल्प लिया गया।
जिलाध्यक्ष फैसल हुसैन ने कहा कि सपा की नीतियों से प्रभावित होकर लगातार लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद में संगठन को मजबूत करने के लिए सदस्यता अभियान तेज किया गया है और आने वाले समय में इसे और विस्तार दिया जाएगा। उन्होंने 29 मार्च की रैली में बड़ी संख्या में कार्यकतार्ओं के शामिल होने का दावा किया।
वहीं महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने कहा कि सपा परिवार तेजी से बढ़ रहा है और यह कार्यकतार्ओं की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि हर वर्ग के लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं, जिससे संगठन को नई ऊर्जा मिल रही है।
कार्यक्रम के अंत में सपा नेता नसीम खान ने सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकतार्ओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी में शामिल होने वाले सभी साथियों को पूरा सम्मान दिया जाएगा और सभी मिलकर संगठन को मजबूत करेंगे। इस अवसर पर लोहिया वाहिनी जिलाध्यक्ष असलम कुरैशी, गाजियाबाद सदर विधानसभा अध्यक्ष शाहनवाज खान, जिला सचिव खालिद बुखारी, छात्र सभा राष्ट्रीय सचिव आशु अब्बासी, वरिष्ठ नेता ताहिर हुसैन, महानगर सचिव नवीन पंडित सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। सदस्यता ग्रहण करने वालों में फिरोज सैफी, आसिफ सिद्दीकी, वसीम कुरैशी, इमरान इदरीसी, दीपक दिवाकर, अरविंद वर्मा, राकेश कुमार सहित सैकड़ों लोग शामिल रहे।



