
मनस्वी वाणी संवाददाता
मुरादनगर। भाकियू टिकैत गुट के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत की ओडिशा में गिरफ्तारी के विरोध में किसानों में भारी आक्रोश देखने को मिला।भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने मुरादनगर थाने पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए गिरफ्तारी को किसान की आवाज दबाने की साजिश बताया। प्रदर्शनकारी किसान थाने के बाहर एकत्रित हुए और राकेश टिकैत की गिरफ्तारी के खिलाफ रोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किसान नेताओं को इस तरह गिरफ्तार करना लोकतंत्र के खिलाफ है और सरकार किसानों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।किसानों ने आरोप लगाया कि जब भी कोई किसान नेता किसानों के हक की बात करता है, उसे इस तरह की कार्रवाई का सामना करना पड़ता है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही राकेश टिकैत को रिहा नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरना-प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन मौके पर मौजूद रहा और स्थिति को नियंत्रित बनाए रखा। थाना प्रभारी अंकित कुमार से बात करने के बाद कार्यकर्ता धरना समाप्त कर लौट गए।



