गाजियाबाद। थाना क्षेत्र के जागृति विहार, गुलघर रोड सेक्टर-23 स्थित रिहायशी इलाके में संचालित शराब के ठेकों को लेकर स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करते हुए इन ठेकों को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जागृति विहार में मंदिर के सामने स्थित अविकसित पार्क के पश्चिमी छोर पर अंग्रेजी व देशी शराब की दुकानें संचालित हो रही हैं, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है। आरोप है कि यहां शराब पीने वाले लोग खुलेआम पार्क में बैठकर शराब का सेवन करते हैं और मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं, खासकर महिलाओं व युवतियों पर अभद्र टिप्पणियां करते हैं।
निवासियों ने बताया कि स्कूल व ट्यूशन जाने वाले बच्चों को भी शराबियों द्वारा परेशान किया जाता है, जिससे क्षेत्र में भय का वातावरण बना हुआ है। इतना ही नहीं, कई बार नशे में धुत लोग आसपास के घरों में खाने-पीने या पानी मांगने के बहाने घुस जाते हैं, जिससे विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
कॉलोनीवासियों का यह भी आरोप है कि संबंधित स्थान पर बिना अनुमति के अवैध निर्माण कर दुकानों का संचालन किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित हो रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो जनआक्रोश बढ़ सकता है और किसी अप्रिय घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।



