गाजियाबाद

सभी वार्डों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करें अधिकारी : नगर आयुक्त


संभव जनसुनवाई में जलकल विभाग को दिए कड़े निर्देश
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम मुख्यालय में आयोजित संभव जनसुनवाई में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शहर की विभिन्न समस्याओं को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान सबसे अधिक पेयजल समस्याओं के मामले सामने आने पर नगर आयुक्त ने जलकल विभाग को विशेष अभियान चलाकर हर घर तक पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संभव जनसुनवाई में कुल 19 संदर्भ प्राप्त हुए, जिनमें निर्माण विभाग से 10, स्वास्थ्य विभाग से तीन, जलकल विभाग से चार, पार्किंग से संबंधित एक और प्रकाश व्यवस्था से संबंधित एक शिकायत शामिल रही। जनसुनवाई के दौरान जलकल विभाग से संबंधित शिकायतों पर नगर आयुक्त ने महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद संबंधित क्षेत्रों में टीम भेजकर मौके पर समस्याओं का निस्तारण कराया गया। विजयनगर जोन और सिटी जोन से नलकूप और मोटर खराब होने के कारण पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की शिकायतें सामने आईं, जिन्हें संबंधित अवर अभियंता और अधिशासी अभियंता जल को निर्देशित कर तत्काल ठीक कराया गया।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि पेयजल आपूर्ति नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि जलकल विभाग की टीमें सभी वार्डों में नियमित निरीक्षण करें और जहां भी पेयजल समस्या हो, उसका तुरंत समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर घर तक पेयजल पहुंचाने के लिए विशेष अभियान के रूप में कार्य किया जाए, ताकि गर्मी के मौसम में नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके अलावा अन्य विभागों से संबंधित शिकायतों पर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इस दौरान अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज, प्रभारी संपत्ति पल्लवी सिंह और निर्माण विभाग से एसपी मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Sandeep Singhal

संदीप सिंघल गाजियाबाद के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वे लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए सामाजिक, प्रशासनिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ उठाते आ रहे हैं। उनकी लेखनी तथ्यात्मक, निर्भीक और जनभावनाओं को प्रतिबिंबित करने वाली मानी जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button