
मोदीनगर,संवाददाता।
नगर की जगतपुरी कॉलोनी में धार्मिक स्थल में चोरी करने की शिकायत करना युवक को काफी महंगा पड़ा। दबंगों ने धारदार हथियार से वार कर चाचा भतीजे को गंभीर रूप से घायल कर दिया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया है। नगर की जगतपुरी कॉलोनी में धार्मिक स्थल में एक युवक चोरी कर रहा था। चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। कॉलोनी निवासी संदीप ने इस मामले की शिकायत आरोपी के परिजनों से कर दी। इस बात से आरोपी नाराज चल रहा था। आरोपी अपने साथियों के साथ संदीप के घर पहुंचा और तोड़फोड़ कर मारपीट करनी श्ुारू कर दी। संदीप की बेरहमी से पिटाई की गई। जब उसे बचाने चाचा राजेश आए तो उनके साथ भी मारपीट की। दबंगों ने धारदार हथियार से वार कर चाचा भतीजे पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। कॉलोनी के लोगों ने मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पीड़ित संदीप की मां पूजा का आरोप है कि पुलिस ने सिर्फ एनसीआर दर्ज की है। आरोपी खुलेआम घूम रहे और धमकी दे रहे है। एसीपी मोदीनगर का कहना है कि जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।


