
परिवार में मचा कोहराम
गाजियाबाद। मसूरी थाना क्षेत्र के ग्राम नाहल में स्ट्रीट डॉग के हमले में घायल हुए चार वर्षीय मासूम की इलाज के दौरान दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि चार वर्षीय अमन पुत्र अनीस निवासी ग्राम नाहल बुधवार 12 अगस्त 2026 को करीब 11:30 बजे घर से कुछ दूरी पर खेल रहा था। इसी दौरान आधा दर्जन स्ट्रीट डॉग ने उस पर हमला कर दिया। परिजनों के अनुसार करीब 5-6 स्ट्रीट डॉग ने नोगजा पीर के पास मासूम को काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद परिजन घायल बच्चे को उपचार के लिए पहले डासना हॉस्पिटल लेकर गए इस बीच डॉक्टरों ने मासूम को जिला एमएमजी हॉस्पिटल रेफर कर दिया हालांकि मासूम की स्तिथि गम्भीर होने पर उसे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया। जहां उसका इलाज चल रहा था। परिजन फजर मोहम्मद ने बताया कि बच्चे को कई स्ट्रीट डॉग ने बुरी तरह काटकर घायल किया था। दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में इलाज के दौरान रविवार को सुबह करीब 07:00 बजे डॉक्टरों ने मासूम की मौत की जानकारी परिजनों को दी। बच्चे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में मातम पसर गया। एसीपी सुनील कुमार भारद्वाज ने बताया कि पुलिस द्वारा कागजी कार्रवाई पूरी कर टीम को दिल्ली रवाना किया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। लिहाजा चार वर्षीय मासूम की मौत से पूरे परिवार में शोक की लहर है। घटना के बाद क्षेत्र में आवारा कुत्तों को लेकर भी लोगों में चिंता और आक्रोश देखने को मिल रहा है।



