55 लाख के कपड़ों से भरा कैंटर लूटने वाले बदमाशों से मुठभेड़, एक बदमाश के लगी गोली, 5 बदमाश गिरफ्तार
मनस्वी वाणी ब्यूरो
हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र में कपड़ों से भरे कैंटर की लूट करने वाले बदमाशों से हुई पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में लगी जबकि चार बदमाश सुरक्षित गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस ने बदमाशों से लूटा गया कैंटर व हथियार बरामद किए हैं।
कोतवाली प्रभारी देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि शुक्रवार की रात को ग्राम पलाड़ा रोड पर हुई मुठभेड़ के दौरान बदमाश जावेद निवासी असमौली, हाल निवासी मुरादाबाद घायल हुआ। उसके साथ अजीम, अमन, फरदीन और सुबहान निवासी मुरादाबाद को पकड़ा गया। जावेद और अजीम के खिलाफ दिल्ली के अलावा मुरादाबाद और संभल में हत्या, चोरी व आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।
उन्होंने बताया कि कैंटर लूट की घटना को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की थी। स्वाट टीम और थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों की घेराबंदी की गई। पुलिस टीम को देखकर बदमाशों ने फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की गई। मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हुआ और उसके चार साथियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से लूटा गया कैंटर और करीब 55 लाख रुपये कीमत का पूरा माल बरामद होना पुलिस की बड़ी सफलता है। इनके पास से दो तमंचे, कारतूस और एक चाकू बरामद किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



