
मनस्वी वाणी संवाददाता
मुरादनगर। दिल्ली मेरठ रोड पर गंग नहर के निकट एक सड़क हादसे में गन्ना लेकर जा रहे किसान की मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। मुरादनगर थाना क्षेत्र के गांव जलालाबाद निवासी किसान सुनील उर्फ लीलू (उम्र करीब 40 वर्ष) पुत्र जुगेंद्र सिंह अपने खेत से गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मोदीनगर चीनी मिल जा रहे थे। जैसे ही वह मुरादनगर गंग नहर शिवली कट के पास पहुंचे तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल किसान को तत्काल नजदीकी सीएचसी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए, जहां चीख-पुकार मच गई। किसान की मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है । पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। इस दौरान मेरठ रोड पर जाम जैसी स्थिति भी बनी रही।



