गाजियाबाद

एनडीआरएफ अलंकरण समारोह में शामिल हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बोले-

मैन- ‘एनडीआरएफ ने लोगों का विश्वास किया अर्जित’
राष्ट्रपति निशान मिलने पर अमित शाह ने जवानों को दी बधाई

मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह गुरुवार को गाजियाबाद पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की 8वीं वाहिनी एनडीआरएफ परिसर में आयोजित अलंकरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने परेड की सलामी ली, पौधारोपण किया और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।


कार्यक्रम में 8वीं वाहिनी के कमांडेंट सुदेश कुमार ने गृह मंत्री का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इसके बाद एनडीआरएफ के जवानों ने आधुनिक आपदा राहत एवं बचाव तकनीकों का प्रदर्शन किया, जिसने उपस्थित लोगों को प्रभावित किया।
गृह मंत्री ने समारोह के दौरान आरआरसी-6 का वर्चुअल शिलान्यास तथा आरआरसी-1 का वर्चुअल उद्घाटन भी किया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं जवानों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप, मेयर सुनीता दयाल, विधायक संजीव शर्मा, एमएलसी दिनेश गोयल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
अमित शाह ने कहा कि एनडीआरएफ को हाल ही में प्राप्त राष्ट्रपति निशान केवल बल की उपलब्धियों का सम्मान नहीं, बल्कि राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), पंचायतों, राज्य प्रशासन, राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) तथा हजारों आपदा मित्रों के संयुक्त प्रयासों की राष्ट्रीय मान्यता है।

उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ ने अपने आदर्श वाक्य आपदा सेवा सदैव सर्वत्रह्व के अनुरूप कार्य करते हुए न केवल भारत, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी लोगों का विश्वास अर्जित किया है। गृह मंत्री ने कहा कि देश में कहीं भी बाढ़, भूकंप, चक्रवात या अन्य प्राकृतिक आपदा की स्थिति में जैसे ही एनडीआरएफ के जवान घटनास्थल पर पहुंचते हैं, लोगों को भरोसा हो जाता है कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित होगी। अमित शाह ने कहा कि मात्र 20 वर्षों की अपेक्षाकृत छोटी अवधि में एनडीआरएफ ने अपने उत्कृष्ट कार्य, त्वरित प्रतिक्रिया और समर्पण के बल पर देश के 140 करोड़ नागरिकों का विश्वास जीता है। उन्होंने बल के अधिकारियों और जवानों को उनकी सेवाओं के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया।

Admin

दैनिक समाचार पत्र मनस्वी वाणी‘जो राजधानी दिल्ली, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश—इन तीन राज्यों से एक साथ प्रकाशित होता है’ पिछले दस वर्षों से पाठकों की पसंद और विश्वास के साथ निरंतर प्रकाशित हो रहा है। इस समाचार पत्र ने अपने निष्पक्ष समाचार, सामाजिक सरोकारों और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देकर पाठकों के बीच एक विशेष पहचान बनाई है I

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button